शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ बरमकेला नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली छात्राओं ने पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत स्कूल परिसर से हुई, जो सुभाष चौक होते हुए जनपद पंचायत बरमकेला पहुंची। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से नगर का वातावरण गूंजता रहा। रास्ते में नगरवासियों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रा के दौरान देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों और युवाओं में देश के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
तिरंगा यात्रा में छात्राओं की बड़ी संख्या में भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना देखने को मिली।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना बरमकेला पुलिस भी मौके पर मौजूद रही, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।


