छत्तीसगढ़ में अब ATM से मिलेगा राशन, 24 घंटे ले सकेंगे चावल, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में शुरुआत..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ में अब राशन लेने के लिए उचित मूल्य की दुकान की कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी। प्रदेश में पहली बार अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की शुरुआत की गई है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने शनिवार को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में प्रदेश के पहले तीन ग्रेन एटीएम का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस नई व्यवस्था के तहत पात्र हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार 24 घंटे और सातों दिन मशीन से राशन का चावल प्राप्त कर सकेंगे।

Join WhatsApp Group Click Here

सरकार द्वारा शुरू की गयी इस योजना के लिए हितग्राही को मशीन में आधार या राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए पहचान की पुष्टि की जाएगी और पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा में चावल मशीन से अपने आप निकल जाएगा। अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम में एक बार में करीब 2,500 किलोग्राम खाद्यान्न रखने की क्षमता है। मशीन में चावल की लोडिंग भी स्वचालित प्रणाली के जरिए की जाएगी। हितग्राही के बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद उसके राशन की निर्धारित मात्रा मशीन से स्वतः बाहर आ जाएगी।

सरकार का मानना है कि इस तकनीक से राशन वितरण प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा। साथ ही खाद्यान्न के वितरण और स्टॉक की निगरानी को भी अधिक आसान और पारदर्शी बनाया जा सकेगा। ग्रेन एटीएम की खास बात यह है कि इसका लाभ केवल छत्तीसगढ़ के राशनकार्डधारियों तक सीमित नहीं रहेगा। वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना के तहत दूसरे राज्यों के राशनकार्डधारी भी बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से यहां से पात्रता के अनुसार खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। इससे दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले प्रवासी श्रमिकों और रोजगार के लिए यहां रहने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उन्हें राशन लेने के लिए अपने गृह राज्य वापस जाने की जरूरत नहीं होगी।खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रेन एटीएम के जरिए हितग्राही अपनी सुविधा के समय राशन प्राप्त कर सकेंगे। सरकार के मुताबिक, इससे लोगों के समय की बचत होगी और उचित मूल्य की दुकानों पर लगने वाली लंबी कतार और भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही तकनीक के इस्तेमाल से राशन वितरण में पारदर्शिता, सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ाने का दावा किया जा रहा है।

देश का पांचवां राज्य बना छत्तीसगढ़

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की शुरुआत के साथ छत्तीसगढ़ इस तरह की व्यवस्था लागू करने वाला देश का पांचवां राज्य बन गया है। इससे पहले उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा में ग्रेन एटीएम की व्यवस्था लागू की जा चुकी है। विश्व खाद्य कार्यक्रम यानी वर्ल्ड फूड प्रोग्राम की प्रतिनिधि नजीनो हासीमोनी ने भी इस पहल के लिए राज्य सरकार को बधाई दी।

Scroll to Top