शेयर करें...
विश्व आदिवासी दिवस पर निकली विशाल शोभायात्रा, ढोल-नगाड़ों और लोकनृत्य से गूंजा पूरा क्षेत्र
बिलासपुर//चकरभाठा विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर चकरभाठा-बोदरी क्षेत्र में आदिवासी समाज द्वारा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित करते हुए विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाज के लोगों ने लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
शोभायात्रा के चकरभाठा मार्केट पहुंचते ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू एवं ओबीसी विभाग कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील साहू के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा का जोरदार एवं आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी कर तथा पुष्पहार पहनाकर आदिवासी समाज के प्रमुखों, बुजुर्गों, युवाओं एवं माताओं-बहनों का अभिनंदन किया गया। उपस्थित जनसमूह के लिए शीतल पेय की भी विशेष व्यवस्था की गई।
आदिवासी समाज हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण स्तंभ : लक्ष्मीनाथ साहू
स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ अपनी परंपराओं और संस्कृति को जीवंत रखा है।
उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस समाज के संघर्ष, त्याग और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को नमन करने का अवसर है। समाज के अधिकारों एवं सर्वांगीण विकास के लिए वे सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।
सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश : सुनील साहू
ओबीसी विभाग कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस हमारी सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। चकरभाठा-बोदरी में निकली यह भव्य शोभायात्रा आदिवासी समाज की एकजुटता, गौरव और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं और सामाजिक समरसता एवं भाईचारे को मजबूत करते हैं।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम में तिफरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, ओबीसी कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील साहू, जिला शहर महामंत्री महेश ठाकुर, तिफरा मंडल अध्यक्ष संत सर्वे, पार्षद रोहित साहू, ओमप्रकाश दुबे, दिनेश यादव, गुड्डा नामदेव, ईश्वर यादव, गोविन्द मानिकपुरी, कुणाल मरकाम, अक्षय नवरंग, अतुल मरकाम, राहुल भारद्वाज, सुमित नायक, चन्द्रभूषण ध्रुवंशी, प्रभु नारायण ध्रुव, प्रियांशु यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आदिवासी समाज के प्रमुखों ने कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए भव्य और आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया।


