60 दिन से ज्यादा पुराना कोई प्रकरण लंबित न रहे, एसपी सुनील शर्मा के कड़े निर्देश, गांजा-शराब तस्करी पर विशेष अभियान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आपराधिक मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए।

Join WhatsApp Group Click Here

60 दिन से अधिक पुराना मामला लंबित नहीं रखने के निर्देश

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों में लंबित शिकायत, मर्ग, खात्मा और अपराध प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी थाने में 60 दिन से अधिक पुराना कोई प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी थाना प्रभारियों को तय समय-सीमा के भीतर मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

गांजा और अवैध शराब के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

एसपी ने जिले में गांजा और अवैध शराब के परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, जरूरत के अनुसार नाकेबंदी करने और अवैध मादक पदार्थों के परिवहन एवं बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। पुलिस का उद्देश्य जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

साइबर अपराध में तत्काल कार्रवाई पर जोर

बैठक में साइबर अपराध से जुड़े मामलों को भी गंभीरता से लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि साइबर अपराध की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके और अपराधियों तक समय रहते पहुंचा जा सके।

एसपी सुनील शर्मा ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने तथा आम नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। बैठक में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

Scroll to Top