शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़ (बरमकेला)// चौहान समाज के भवन निर्माण को लेकर सारंगढ़ विधायक द्वारा पहले 5 लाख और बाद में 10 लाख रुपये की घोषणा किए जाने के बावजूद राशि नहीं मिलने का मामला अब राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। घोषणा पूरी नहीं होने को लेकर चौहान समाज में पहले से ही नाराजगी है, वहीं खबर सार्वजनिक होने के बाद विधायक की साख बचाने के लिए समाज के कुछ कांग्रेस समर्थित चुनिंदा लोग विधायक निवास पहुंचकर बधाई देने पहुंचे, जिसे लेकर समाज के भीतर भारी नाराजगी बताई जा रही है। समाज के लोगों का कहना है कि जब चौहान समाज अपने भवन के लिए घोषित राशि की मांग कर रहा है और विधायक से घोषणा पूरी कराने का दबाव बनाया जा रहा है, ऐसे समय में समाज की मूल मांग को मजबूती से उठाने के बजाय कुछ लोग विधायक के समर्थन में खड़े दिखाई दे रहे हैं। इससे समाज के बीच यह सवाल उठ रहा है कि आखिर समाज का हित महत्वपूर्ण है या राजनीतिक नजदीकियां?
5 लाख से 10 लाख की घोषणा, फिर भी भवन का इंतजार!
चौहान समाज के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह के दौरान भवन निर्माण के लिए विधायक द्वारा राशि की घोषणा किए जाने की बात सामने आई थी। बाद में राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये किए जाने की चर्चा भी हुई। लेकिन समाज का आरोप है कि घोषणा के बावजूद आज तक भवन निर्माण के लिए अपेक्षित राशि नहीं मिली। समाज के लोगों का कहना है कि घोषणा मंच से करना आसान है, लेकिन उसे जमीन पर उतारना ही असली जनप्रतिनिधित्व की कसौटी है।
खबर चली तो सक्रिय हुए विधायक समर्थक?
समाज के भवन की राशि को लेकर सवाल उठने और मामला सार्वजनिक होने के बाद विधायक के पक्ष में कुछ लोगों की सक्रियता चर्चा का विषय बन गई है। समाज के आक्रोशित लोगों का आरोप है कि कुछ कांग्रेस समर्थित लोग विधायक की राजनीतिक साख बचाने की कोशिश में विधायक निवास पहुंचे और बधाई दी। समाज के लोगों का कहना है कि यदि विधायक ने घोषणा की है तो समाज को बधाई की नहीं, बल्कि घोषित राशि की स्वीकृति, कार्ययोजना और निर्माण कार्य की शुरुआत की जरूरत है।
कांग्रेस समर्थित शिक्षक की भूमिका पर भी उठे सवाल
विधायक निवास पहुंचने वालों में कांग्रेस समर्थित बताए जा रहे एक शिक्षक की भूमिका को लेकर भी समाज के भीतर सवाल उठ रहे हैं। समाज का कहना है कि सामाजिक मुद्दे पर राजनीतिक पक्षधरता से ऊपर उठकर समाजहित को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। यदि कोई व्यक्ति समाज की मांग के विपरीत राजनीतिक समर्थन में खड़ा होता है तो समाज उसके रुख पर सवाल जरूर उठाएगा।
अब सम्मान नहीं, जवाब मांगेगा चौहान समाज!
चौहान समाज के लोगों का कहना है कि अब केवल घोषणा और बधाई के दौर से काम नहीं चलेगा। समाज यह जानना चाहता है कि घोषित 5 लाख और 10 लाख रुपये की राशि कहां है? स्वीकृति हुई या नहीं? कार्ययोजना बनी या नहीं? और भवन निर्माण कब शुरू होगा? समाज के भीतर इस पूरे मामले को लेकर बैठक कर निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है। समाज के लोगों का कहना है कि यदि घोषणा पूरी नहीं होती और समाज की मांग को नजरअंदाज किया जाता है तो आने वाले दिनों में आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।
चौहान समाज का संदेश साफ है
“हमें बधाई नहीं, भवन चाहिए।
हमें घोषणा नहीं, राशि चाहिए।
हमें आश्वासन नहीं, काम चाहिए।”
अब सवाल सारंगढ़ विधायक से है कि घोषित राशि आखिर कब जमीन पर उतरेगी? और सवाल उन लोगों से भी है जो समाज की मांग के समय समाज के साथ खड़े होने के बजाय विधायक निवास पहुंचकर बधाई देने पहुंचे, क्या समाज की आवाज से बड़ा राजनीतिक समीकरण हो गया है?


