शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादले को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। विभाग ने एक साथ 700 शिक्षकों के तबादले को मंजूरी दी है। इसे स्कूल शिक्षा विभाग में अब तक के सबसे बड़े तबादलों में से एक माना जा रहा है। विभाग की ओर से जारी आदेश के बाद लंबे समय से तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों के बीच हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि तबादले के लिए विभाग के पास बड़ी संख्या में अनुशंसाएं पहुंची थीं, जिसके बाद विभिन्न स्तरों पर जांच और स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी की गई।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादले के लिए करीब 1700 अनुशंसाएं प्राप्त हुई थीं। इतनी बड़ी संख्या में प्राप्त अनुशंसाओं के बाद विभाग ने सभी प्रस्तावों की जांच शुरू की। प्रारंभिक स्क्रूटनी के बाद करीब 1100 नामों की सूची तैयार की गई थी। इसके बाद उच्च स्तर पर सूची की दोबारा समीक्षा की गई और करीब 400 नामों को सूची से बाहर कर दिया गया। अंतिम रूप से 700 शिक्षकों के तबादले को मंजूरी प्रदान की गई। लंबे समय से स्थानांतरण की उम्मीद लगाए बैठे शिक्षकों के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तबादले के पीछे प्रशासनिक जरूरतों के साथ-साथ शिक्षकों की ओर से की गई अनुशंसाओं को भी आधार बनाया गया है।


