सूबेदार-उप निरीक्षक परीक्षा परिणाम पर गहराया विवाद, अभ्यर्थियों के अटपटे नाम पर बयानबाजी तेज, CGPSC ने जारी किया स्पष्टीकरण..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह विभाग के अंतर्गत आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा के परिणाम को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और आरोपों को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। आयोग ने सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ पोस्ट, वीडियो और दावों को भ्रामक बताते हुए कहा है कि परीक्षा परिणाम में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने परीक्षा परिणाम को लेकर सवाल खड़े करते हुए गड़बड़ी की आशंका जताई है।

Join WhatsApp Group Click Here

CGPSC ने गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि 4 अगस्त 2026 को प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया गया था। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ अभ्यर्थियों के नाम को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। आयोग के अनुसार, कुछ नाम जैसे NEWS, SPACERANI, HE RAM, BHAKT PRAHLAD, TUFAIL आदि को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें इन नामों का मजाक उड़ाते हुए परीक्षा प्रक्रिया पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है।

आयोग ने स्पष्ट किया कि परीक्षा परिणाम में दिखाई देने वाले सभी नाम अभ्यर्थियों द्वारा स्वयं ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय दर्ज किए गए थे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हीं नामों को अंतिम रूप से स्वीकार किया गया और परीक्षा से संबंधित सभी दस्तावेजों में इन्हीं नामों का उपयोग किया गया। CGPSC ने बताया कि अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र, दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया और अन्य चरणों में भी वही नाम दर्ज थे, जो ऑनलाइन आवेदन में भरे गए थे। आयोग ने इस संबंध में संबंधित दस्तावेज भी सार्वजनिक किए हैं, ताकि भ्रम की स्थिति दूर हो सके।

आयोग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे रील और शॉर्ट वीडियो में किए जा रहे दावों को पूरी तरह निराधार बताया है। CGPSC ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी, सोशल मीडिया पोस्ट या वीडियो के आधार पर भ्रमित न हों। आयोग ने कहा है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं को ही प्रमाणिक माना जाए। वहीं इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने CGPSC परीक्षा परिणाम को लेकर सवाल उठाए हैं और प्रक्रिया में संभावित गड़बड़ी की आशंका जताई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि परीक्षा परिणाम को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब सरकार और आयोग को देना चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों के बीच विश्वास बना रहे।

CGPSC की ओर से जारी सफाई के बाद अब परीक्षा परिणाम को लेकर उठे विवाद पर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया गया है। आयोग ने दोहराया है कि परीक्षा प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की गई है और अभ्यर्थियों के नामों को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे गलत हैं। गौरतलब है कि सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर अभ्यर्थी हमेशा सतर्क रहते हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की जानकारी तेजी से फैलने के कारण कई बार भ्रम की स्थिति बन जाती है। CGPSC ने इसी को देखते हुए आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी कर अभ्यर्थियों से केवल प्रमाणिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है।

Scroll to Top