शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// करीब एक दशक से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के नाम राजपत्र (गजट) में प्रकाशित कर दिए हैं। राजपत्र में 156 खिलाड़ियों के नाम शामिल किए गए हैं, जिससे अब इन खिलाड़ियों की शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।
ये सभी खिलाड़ी विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ और देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन के बावजूद लंबे समय से उन्हें सरकारी नौकरी का लाभ नहीं मिल पा रहा था। राजपत्र में नाम प्रकाशित होने के बाद खिलाड़ियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। अब उम्मीद की जा रही है कि नियुक्ति प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।
खेल जगत ने फैसले का किया स्वागत
खेल से जुड़े लोगों ने राज्य सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश के युवा खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे। लंबे समय से लंबित इस प्रक्रिया के पूरी होने को खिलाड़ियों के हित में बड़ा फैसला माना जा रहा है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ के चार खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
राज्य की इस सूची में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के चार खिलाड़ियों ने भी जगह बनाई है। सॉफ्टबॉल के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता वसीम मोहम्मद, सौरभ यादव, सूरज अग्रवाल और रितेश यादव का चयन उत्कृष्ट खिलाड़ी योजना के तहत शासकीय सेवा के लिए किया गया है। चारों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अब राजपत्र में नाम प्रकाशित होने के बाद उनके सरकारी नौकरी पाने का रास्ता भी साफ हो गया है। इस उपलब्धि पर जिला खेल संघ सहित जिले के खेल प्रेमियों ने चारों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता
उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बावजूद वर्षों तक नियुक्ति नहीं मिलने से खिलाड़ी निराश थे। अब सरकार के इस फैसले से न केवल 156 खिलाड़ियों को राहत मिली है, बल्कि यह संदेश भी गया है कि खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा। इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


