शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत छेवारीपाली जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर को पक्की कंक्रीट बनाने हेतु शासन द्वारा 4 करोड़ 29 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। रायगढ़ के विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा किसानों के हित में लगातार किए जा रहे विकास कार्यों की कड़ी में इस बड़ी सौगात से क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर है।
इस दूरगामी और जनहितैषी निर्णय से क्षेत्र के दादरपाली, साल्हेओना एवं धोबनीपाली के हजारों किसानों को सीधा लाभ पहुँचेगा। नहर के पक्की कंक्रीट बनने से खेतों तक पानी की निर्बाध एवं सुचारू आपूर्ति संभव हो सकेगी, जिससे कृषि उत्पादन में सुधार होगा।
बजट में शामिल कराकर दिलाई स्वीकृति
किसान हित में इस महत्वपूर्ण माँग को किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राधामोहन पाणिग्राही एवं साल्हेओना सोसायटी के प्राधिकृत अधिकारी जयरतन पटेल ने मजबूती से वित्त मंत्री के समक्ष रखा था। जनभावनाओं और किसानों की जरूरत को प्राथमिकता देते हुए मंत्री जी ने इसे बजट में शामिल करवाकर वित्तीय मंजूरी दिलाई। रायगढ़ क्षेत्र के विधायक ओपी चौधरी के इस जनकल्याणकारी कदम के लिए क्षेत्र के किसानों एवं स्थानीय भाजपा नेताओं ने उनका कोटि-कोटि धन्यवाद एवं हार्दिक आभार व्यक्त किया है।



