साल्हेओना मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक जुगेश्वर सिंह का भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह सम्पन्न..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// विकासखंड बरमकेला के शासकीय मिडिल स्कूल साल्हेओना में प्रधान पाठक जुगेश्वर सिंह के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और ग्रामीणों ने उनके लंबे शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए सम्मानित किया।

Join WhatsApp Group Click Here

समारोह में अतिथियों ने श्रीफल, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर जुगेश्वर सिंह का सम्मान किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुर्रे ने कहा कि सेवा से सेवानिवृत्ति केवल शासकीय प्रक्रिया है, लेकिन एक शिक्षक का ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन जीवनभर समाज के काम आता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि वह हर समय समाज और नई पीढ़ी को दिशा देने का कार्य करता रहता है।

कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी जुगेश्वर सिंह के सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका योगदान विद्यार्थियों और शिक्षा जगत के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, संकुल साल्हेओना एवं मानिकपुर के प्रधान पाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने जुगेश्वर सिंह के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

Scroll to Top