शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। इस हमले में सक्ती जिले के दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम छुईहा (धनसीर) निवासी भूपेंद्र कुमार भैना (24) की जान चली गई। घटना के बाद राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।
मुख्यमंत्री ने की 20-20 लाख रुपये की सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ जघन्य अपराध है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार दोनों मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करेगी। साथ ही जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद मिल सके।

भूपेंद्र भैना के घर पहुंचे कलेक्टर और एसपी
शनिवार को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ग्राम छुईहा (धनसीर) पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। कलेक्टर ने भूपेंद्र की बहन को गले लगाकर ढांढस बंधाया तथा परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। इस दौरान बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल रजक, तहसीलदार कमलेश सिदार, एसडीओपी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
चार साल पहले हुई थी शादी, पीछे छूटा छोटा परिवार
भूपेंद्र कुमार भैना का विवाह लगभग चार वर्ष पहले हुआ था। उनके परिवार में पत्नी, तीन वर्षीय पुत्र मानस, दादी शांति बाई, माता नागेश्वरी, पिता दशरथ, छोटी बहन अन्नू भैना और छोटा भाई अनुराग भैना हैं। परिवार के युवा सदस्य की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने भी घोषित की आर्थिक सहायता
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं कुलगाम जिला प्रशासन की ओर से 6 लाख रुपये की तत्काल सहायता दी जाएगी, जिसमें से 2 लाख रुपये की प्रारंभिक सहायता पहले ही उपलब्ध करा दी गई है।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार कुलगाम के केलम इलाके में अज्ञात आतंकवादियों ने दोनों श्रमिकों पर गोलीबारी की थी। गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र कुमार भैना का श्रीनगर के अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शनिवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पूरे प्रदेश में शोक, आतंकवाद की हो रही निंदा
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे छत्तीसगढ़ को झकझोर दिया है। शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। वहीं आतंकवाद के इस कायराना हमले की सभी स्तरों पर कड़ी निंदा की जा रही है।



You must be logged in to post a comment.