शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेंदरापारा के प्रधान पाठक आत्माराम चौहान को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश और लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर के आदेश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) जे.आर. डहरिया द्वारा की गई।
बिना सूचना लंबे समय से थे अनुपस्थित
शिक्षा विभाग की जांच में सामने आया कि प्रधान पाठक आत्माराम चौहान लंबे समय से बिना किसी सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित थे। जांच में यह भी पाया गया कि उन्होंने अपने शासकीय दायित्वों का पालन नहीं किया, जिससे विद्यालय की पढ़ाई और बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
डीईओ ने दिया सख्त संदेश
जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया ने कहा कि शिक्षा विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी सर्वोपरि है। किसी भी शिक्षक या कर्मचारी द्वारा लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो कर्मचारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाह कर्मचारियों में बढ़ी चिंता
हाल के दिनों में शिक्षा विभाग द्वारा लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई के बाद जिले के शिक्षकों और कर्मचारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। विभाग का कहना है कि स्कूलों में नियमित पढ़ाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए निरीक्षण और मॉनिटरिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी।


