शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत सरिया पुलिस ने उड़ीसा से अवैध कच्ची महुआ शराब लेकर आ रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 50 लीटर महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) संतोषी ग्रेस के निर्देशन में थाना प्रभारी एन.एल. राठिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल (CG 13 UA 9688) पर सवार दो व्यक्ति उड़ीसा से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब लेकर ग्राम केनाभांठा और कर्राकोट की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कर्राकोट मेन रोड पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सेतकुमार बरिहा (19 वर्ष), निवासी हट्टापाली, थाना डोंगरीपाली, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा सनुधर बरिहा (30 वर्ष), निवासी पिक्रीडारन, थाना अम्बाभौना, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखी प्लास्टिक की बोरी से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपियों ने शराब का अवैध परिवहन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत की 50 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा 15 हजार रुपये कीमत की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल सहित कुल 25 हजार रुपये का सामान जब्त किया। इस मामले में थाना सरिया में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, पीएसआई गजेन्द्र कुमार चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक मोहन लाल गुप्ता, अनिल साहू, तथा आरक्षक दिगम्बर पटेल, लखेश्वर पुरसेट, गीता भास्कर, ताराचंद मिरेन्द्र, नर्मदा यादव और दिलीप साहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


