सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अतिक्रमण और नो पार्किंग पर पुलिस का बड़ा अभियान, 69 चालान काटकर वसूले 46700 रुपये..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने अतिक्रमण और नो पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क पर अवैध कब्जा करने और नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वाले 69 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 46,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत दानसरा रोड, हरदी बाईपास, भारतमाता चौक, छिंद और टिमरलगा रोड सहित प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान एसडीओपी स्नेहिल साहू, जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा तथा परिवहन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया गया अतिक्रमण

संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख सड़कों के किनारे दुकानों द्वारा किए गए अवैध विस्तार, अस्थायी शेड और अन्य बाधाओं को हटाया। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा सड़क या फुटपाथ पर अतिक्रमण किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर चला अभियान

भारतमाता चौक और हरदी बाईपास जैसे व्यस्त इलाकों में मुख्य सड़क पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। इसे देखते हुए पुलिस ने नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। साथ ही वाहन चालकों, ढाबा संचालकों और पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया गया कि वाहन मुख्य सड़क से करीब 2.5 से 3 मीटर दूर सुरक्षित स्थान पर ही पार्क कराएं, ताकि जाम और सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सड़क, फुटपाथ या नो पार्किंग क्षेत्र में अतिक्रमण अथवा वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top