शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में पदभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने अवैध नशे के कारोबार पर सख्त रुख अपनाते हुए पहले ही सप्ताह में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कराई है। सरिया पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ गांजा की खेप ला रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 किलो 65 ग्राम गांजा, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.23 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के भुक्ता क्षेत्र से एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल में दो युवक गांजा लेकर सरिया के रास्ते कोरबा जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एन.एल. राठिया के नेतृत्व में टीम ने थाना के सामने नाकाबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास रखे बैग से 3 किलो 65 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के भुक्ता से खरीदकर कोरबा निवासी अनिता मंडल के लिए लाया जा रहा था। पुलिस ने जांच के आधार पर अनिता मंडल को भी मामले में आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज देवांगन उर्फ जितेंद्र (23 वर्ष) और सूरज देवांगन (31 वर्ष) निवासी चांपा, जिला जांजगीर-चांपा तथा अनिता मंडल (34 वर्ष) निवासी जलगांव, जिला कोरबा के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय और डीएसपी संतोषी ग्रेस के निर्देशन में की गई। अभियान में थाना प्रभारी एन.एल. राठिया, सउनि सुमन कुमार चौहान, कमल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिदार, अनिल साहू, मोहनलाल गुप्ता सहित सरिया थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


