कारगिल चौक बना स्थायी पार्किंग जोन, नो पार्किंग बोर्ड के सामने ही खड़े वाहन, यातायात विभाग की कार्यशैली कटघरे में..

शेयर करें...

रायगढ़// रायगढ़ शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील कारगिल चौक पर यातायात व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने का दावा करने वाले यातायात विभाग की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं। कारण यह है कि, कारगिल चौक के ठीक किनारे चारों ओर तथा मुख्य सड़क के बीचों-बीच लंबे समय से चार पहिया वाहनों की कथित स्थायी अवैध पार्किंग लगातार जारी है, जबकि मौके पर NO PARKING का बोर्ड भी स्पष्ट रूप से लगा हुआ है।

Join WhatsApp Group Click Here

हैरानी की बात यह है कि, नो पार्किंग बोर्ड के ठीक सामने तक वाहन क्रमांक CG13BD9991 सहित अन्य चार पहिया वाहन खड़े दिखाई दे रहे हैं। यदि नियमों का पालन करवाने वाले विभाग की आँखों के सामने ही नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो फिर आम नागरिकों से नियम पालन की अपेक्षा कैसे की जा सकती है?

कार्यवाही हुई, लेकिन असर केवल एक दिन ?

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ माह पहले यातायात विभाग ने इसी स्थान पर अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्यवाही की थी। लेकिन वह कार्यवाही महज औपचारिक साबित हुई। बताया जा रहा है कि, अगले ही दिन से फिर वही स्थिति लौट आई और आज तक कारगिल चौक के आसपास अवैध पार्किंग का सिलसिला लगातार जारी है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि

  • क्या यातायात विभाग स्थायी समाधान देने में असमर्थ है ?
  • क्या विभाग को इस अवैध पार्किंग की जानकारी नहीं है ?
  • या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्यवाही नहीं की जा रही ?
  • आखिर नो पार्किंग बोर्ड केवल दिखावे के लिए लगाया गया है या उसका पालन भी कराया जाएगा ?

रोज जाम, रोज परेशानी

कारगिल चौक शहर के प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाला अत्यंत व्यस्त चौराहा है। जहाँ से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँच मार्ग, श्रीमती अशर्फी देवी महिला चिकित्सालय पहुँच मार्ग, थाना सिटी कोतवाली पहुँच मार्ग, संजय कॉम्प्लेक्स सब्जी मण्डी पहुँच मार्ग, गुरूद्वारा पहुँच मार्ग है। यहाँ सड़क किनारे और बीच मार्ग में खड़े चार पहिया वाहनों के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसी भी समय यहाँ दुर्घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय नागरिक ने भी उठाए तीखे सवाल

कारगिल चौक से लगभग 400 मीटर दूर महात्मा गांधी रोड निवासी शुभम अग्रवाल ने भी इस पूरे मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने यातायात विभाग को कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया है कि यातायात विभाग ऐसे तो दुनिया भर की वसूली कर लेती है, लेकिन जहां स्पष्ट रूप से No Parking है, वहाँ कार्यवाही क्यों नहीं हो रही ? यह सवाल अब केवल एक का नहीं, बल्कि उन सभी नागरिकों का बन चुका है जो प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं।

Scroll to Top