शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में एक बार फिर पैसे दोगुने करने के नाम पर कथित ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पहले करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपों से चर्चित रहे शिवा साहू के बाद अब एक और शख्स पर महिला स्व-सहायता समूहों की सैकड़ों महिलाओं से करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने के आरोप लगे हैं। शिकायत लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण सिटी कोतवाली सारंगढ़ पहुंचे, जहां काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
नारी रक्षा सम्मान निधि के नाम पर भरोसा, फिर लाखों नहीं करोड़ों की कथित ठगी
पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि ग्वालिनडीह निवासी दिनेश बंजारे ने खुद को एक एनजीओ संचालक बताते हुए “नारी रक्षा सम्मान निधि” नामक योजना से जोड़ा। महिलाओं से कहा गया कि यदि वे इस योजना में पैसा जमा करेंगी तो उनकी रकम दोगुनी होकर वापस मिलेगी। महिलाओं ने इस भरोसे पर अपनी वर्षों की बचत, स्वयं सहायता समूह की राशि और यहां तक कि माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से लिया गया ऋण भी उसके पास जमा कर दिया।
लोन भी दिलाया, किस्त भरने का भरोसा भी दिया
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी महिलाओं को विभिन्न माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से ऋण दिलवाता था। इसके बाद पूरी ऋण राशि अपने पास जमा कराकर भरोसा देता था कि वह खुद हर महीने किस्त जमा करेगा। साथ ही निवेश पर अतिरिक्त लाभ देने का भी वादा किया जाता था। शुरुआत में कुछ समय तक महिलाओं को भुगतान मिलता रहा। इससे लोगों का भरोसा और बढ़ गया तथा कई गांवों की महिलाएं योजना से जुड़ती चली गईं। लेकिन कुछ समय बाद भुगतान पूरी तरह बंद हो गया।
अब सैकड़ों महिलाएं पहुंचीं थाने
पैसे वापस नहीं मिलने से परेशान महिला स्व-सहायता समूहों की सैकड़ों सदस्य सोमवार को सिटी कोतवाली सारंगढ़ पहुंचीं। महिलाओं ने लिखित शिकायत देकर अपनी जमा राशि वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के दौरान थाना परिसर में काफी भीड़ जुटी और हंगामे जैसी स्थिति भी बनी रही।
पहले से जेल में बंद है आरोपी
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस व्यक्ति पर अब महिलाओं से कथित ठगी का आरोप लगाया जा रहा है, वह पहले से ही जेल में बंद है। कुछ दिन पहले ही सारंगढ़ पुलिस ने म्यूल अकाउंट मामले में दिनेश बंजारे को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उसके बैंक खाते में करीब 2 करोड़ 71 लाख रुपये का लेन-देन सामने आया था। इस खाते से जुड़े देश के विभिन्न राज्यों में 50 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी थी। इसी मामले में उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। अब उसी आरोपी के खिलाफ महिला समूहों से कथित करोड़ों रुपये की ठगी का नया मामला सामने आने से जिले में सनसनी फैल गई है।
शिवा साहू जैसा मामला दोहराने की आशंका
जिले के लोग इस पूरे घटनाक्रम की तुलना चर्चित शिवा साहू ठगी कांड से कर रहे हैं। उस मामले में भी लोगों को पैसे दोगुने करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी की गई थी। अब महिलाओं का आरोप है कि उसी तर्ज पर उनसे भी बड़ी रकम जमा कराई गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस मामले में सैकड़ों महिलाएं प्रभावित हो सकती हैं और कथित ठगी की राशि करोड़ों रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल पुलिस ने सभी शिकायतें प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में कुल कितने लोग प्रभावित हुए हैं, कितनी राशि जमा कराई गई और किन परिस्थितियों में यह पूरा मामला सामने आया। अब जिलेभर की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। यदि महिलाओं के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का एक और बड़ा आर्थिक ठगी का मामला साबित हो सकता है।


