बड़ी खबर: राजस्व कार्यों में लापरवाही पर 8 तहसीलदारों को कलेक्टर का नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में राजस्व कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व कार्यों, एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन और समय-सीमा (टीएल) बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने पर जिले के 8 तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान पाया कि कई महत्वपूर्ण राजस्व कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। इनमें बटांकन, नक्शा विहीन ग्रामों का सत्यापन, वन ग्राम से राजस्व ग्राम घोषित क्षेत्रों का नक्शा निर्माण एवं अपडेट तथा भू-अभिलेख सर्वेक्षण जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा एग्रीस्टेक पोर्टल पर धान खरीदी से जुड़े किसानों के पंजीयन कार्य में भी संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई गई।

जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें कोसीर उप तहसील के तहसीलदार शनि कुमार पैकरा, सारंगढ़ तहसीलदार खोमन लाल ध्रुव और नंदकिशोर सिन्हा, सरसीवा तहसीलदार मोहन साहू, भटगांव तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल, बरमकेला तहसीलदार पुष्पेंद्र राज, बिलाईगढ़ तहसीलदार कमलेश सिदार तथा सरिया तहसीलदार कोमल साहू शामिल हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के राजस्व अमले में हलचल मच गई है।

Scroll to Top