सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस डिजिटल पुलिसिंग की ओर अग्रसर, विवेचकों को मिले हाई-टेक स्मार्टफोन..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// छत्तीसगढ़ पुलिस ने पुलिसिंग को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सहायक उप निरीक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के सभी विवेचकों को हाई-टेक स्मार्टफोन वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य अपराधों की विवेचना में तेजी लाना, डिजिटल रिकॉर्ड को सुदृढ़ करना और मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्मार्टफोन मिलने के बाद विवेचक घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो, गवाहों के बयान, जब्ती पत्रक तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों को सीधे पुलिस के डिजिटल डेटाबेस में अपलोड कर सकेंगे। इससे विवेचना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी होगी।

नई व्यवस्था के माध्यम से विवेचक सीसीटीएनएस (CCTNS) और आईसीजेएस (ICJS) जैसी डिजिटल प्रणालियों से भी सीधे जुड़ सकेंगे। इससे अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड तत्काल उपलब्ध होगा और जांच में तेजी आएगी। साथ ही केस डायरी और डिजिटल साक्ष्यों को समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करने में भी सुविधा मिलेगी। पुलिस का मानना है कि डिजिटल पुलिसिंग से न केवल विवेचना की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी और समयबद्ध बन सकेगी।

इस अवसर पर आयोजित समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू, डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और विवेचक मौजूद रहे। अधिकारियों ने डिजिटल तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया।

Scroll to Top