शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के सभी बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने बैंक परिसरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों के आसपास गश्त करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी। अभियान का उद्देश्य बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों और बैंक की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना बताया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, स्ट्रॉन्ग रूम, लॉकर और सुरक्षा रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि सुरक्षा उपकरण सही स्थिति में कार्य कर रहे हैं या नहीं। पुलिस ने सुरक्षा गार्डों की सतर्कता की भी जांच की तथा उनके हथियारों के लाइसेंस का सत्यापन किया। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बैंक परिसर में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों और आपातकालीन निकास मार्गों का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। उन्हें निर्देशित किया गया कि बैंक परिसर या आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में बैंक सुरक्षा को लेकर इस तरह के विशेष अभियान आगे भी समय-समय पर चलाए जाएंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित बैंकिंग वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


