शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के शिक्षक और कर्मचारी जगत के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के सक्रिय और वरिष्ठ नेता संकीर्तन नंद को छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ का जिला उपसंयोजक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के बाद शिक्षकों, कर्मचारियों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
संकीर्तन नंद लंबे समय से शिक्षक और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता के चलते उन्होंने प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रदेश संयोजक के रूप में उन्होंने लगभग 1 लाख 8 हजार सहायक शिक्षकों का नेतृत्व किया और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा वे प्रदेश सलाहकार और प्रदेश महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
जिले में भी संगठन ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्हें पहले जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनके कार्यकाल में संगठन का विस्तार हुआ और शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया गया। इसी कार्यशैली को देखते हुए संगठन ने उन्हें अब जिला उपसंयोजक की नई जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश संयोजक कमल वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष रवीन्द्र राठौर, प्रदेश सचिव लैलून भारद्वाज और जिला संयोजक फकीरा यादव ने उनकी संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और कार्यक्षमता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया है।
संगठन के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प
नियुक्ति के बाद संकीर्तन नंद ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा कर्मचारियों और अधिकारियों को एक मंच पर जोड़कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है और सभी के सहयोग से इस एकता को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही कर्मचारी एवं अधिकारी वर्ग की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
संकीर्तन नंद की यह नियुक्ति उनके लंबे संघर्ष, संगठनात्मक अनुभव और समर्पण का सम्मान मानी जा रही है। कर्मचारी और शिक्षक समुदाय को उनसे नई उम्मीदें हैं और माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में फेडरेशन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी।


