सारंगढ़ जिले में खाद-बीज की है पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को नहीं होगी किसी प्रकार की परेशानी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश तथा उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिले के किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। उर्वरकों एवं बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रासायनिक खाद के 30 तथा बीज के 66 नमूने परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में वर्तमान में 16,122.725 मैट्रिक टन रासायनिक खाद तथा 26,154.60 क्विंटल बीज उपलब्ध है। खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज का भंडारण किया गया है। सहकारी एवं निजी विक्रय केंद्रों में अब तक कुल 27,344 मैट्रिक टन रासायनिक खाद का भंडारण किया गया, जिसमें से 15,682 मैट्रिक टन खाद का वितरण किसानों को किया जा चुका है। इसी प्रकार 11,366.60 क्विंटल बीज का भी वितरण किया गया है।

जिले के सहकारी क्षेत्र में अब तक 13,143 मैट्रिक टन यूरिया, 1,732 मैट्रिक टन डीएपी, 1,489 मैट्रिक टन एनपीके, 1,133 मैट्रिक टन एमओपी तथा 1,917 मैट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध कराया गया है। शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2025 के विक्रय के आधार पर यूरिया का 80 प्रतिशत तथा डीएपी का 60 प्रतिशत वितरण किया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके, टीएसपी, एसएसपी एवं नैनो डीएपी तथा यूरिया के विकल्प के रूप में नैनो यूरिया के उपयोग की सलाह भी दी जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील किया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें तथा अपनी आवश्यकता के अनुसार निकटतम सहकारी या निजी विक्रय केंद्र से खाद एवं बीज प्राप्त करें। प्रशासन किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने एवं वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Scroll to Top