शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// रायगढ़ में आयोजित स्टेट लेवल ब्रेनअप अबेकस मेगा फेस्ट-2026 में सरिया क्षेत्र के ग्राम सांकरा के 8 वर्षीय शौर्य प्रधान ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर शौर्य ने प्रतियोगिता में दोहरी सफलता हासिल करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
रायगढ़ के अग्रोहा धाम में आयोजित इस प्रतियोगिता में शौर्य प्रधान ने विज्युअल कम्पटीशन में मात्र 10 मिनट के भीतर 200 सवालों को सही हल कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं लिसनिंग कम्पटीशन में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सेकंड रनर-अप का स्थान प्राप्त किया।
ब्रेनअप अकेडमी रायगढ़ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शौर्य की इस उपलब्धि को बड़ी सफलता माना जा रहा है। शौर्य प्रधान की सफलता के पीछे उनकी निरंतर मेहनत और नियमित अभ्यास का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्हें अबेकस का प्रशिक्षण निकिता पाढ़ी और अनामिका होता द्वारा दिया गया। वहीं ब्रेनअप अकेडमी के डायरेक्टर राम होता ने भी शौर्य की प्रतिभा और समर्पण की सराहना की।
शौर्य, शिवचरण प्रधान और भानुमति प्रधान के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे सांकरा और सरिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने शौर्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। कम उम्र में हासिल की गई यह सफलता अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन रही है, जो मेहनत और लगन के साथ अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।



