शेयर करें...
रायगढ़// शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटे अतरमुड़ा रोड स्थित टीवी टॉवर इलाके में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। रिहायशी इलाके की एक गली में स्थित मकान के भीतर लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के इस काले कारोबार पर गुरुवार को पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए 4 युवतियों और 2 दलालों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद से शहर के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, टीवी टॉवर मोहल्ले के निवासियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि मुख्य मार्ग से लगी एक गली के किराए के मकान में पिछले कुछ समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। यहां दिन-रात अनजान और बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे मोहल्ले का शांतिपूर्ण माहौल खराब हो रहा था। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले की तस्दीक कराई और तत्काल एक विशेष टीम बनाकर दबिश देने के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम सिंह, साइबर सेल और चक्रधर नगर थाने की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बेहद गोपनीय तरीके से मकान की घेराबंदी की और फिर अचानक धावा बोल दिया।
पुलिस के इस अचूक एक्शन से मकान के भीतर मौजूद लोगों को भागने या संभलने का कोई मौका नहीं मिला। कमरों की तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से देह व्यापार में लिप्त 4 लड़कियों और ग्राहकों को फंसाकर लाने वाले 2 दलालों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच अब इस दिशा में आगे बढ़ रही है कि इस सेक्स रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। ये लड़कियां किन शहरों से लाई गई थीं और शहर के कौन से रसूखदार लोग इस रैकेट के नियमित ग्राहक थे, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।


