खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन की छापामार कार्रवाई, सरिया बरमकेला क्षेत्र के दुकानों में मिली अनियमितताए, नोटिस जारी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// खरीफ सीजन के दौरान किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर सरिया और बरमकेला क्षेत्र में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने खाद दुकानों में छापामार कार्रवाई की। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी और बिना वैध लाइसेंस के उर्वरक व्यापार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp Group Click Here

निरीक्षण के दौरान बड़े नवापारा स्थित आयुष कृषि सेवा केंद्र में पीओएस मशीन के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि स्टॉक में यूरिया उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को खाद नहीं दिया जा रहा था। साथ ही मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करने और आवश्यक अभिलेखों का संधारण नहीं किए जाने पर प्रतिष्ठान के लाइसेंस निलंबन की अनुशंसा करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं बड़े नवापारा के ही एक अन्य संचालक थानसुन्दर गढ़तिया द्वारा लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बाद भी उर्वरक व्यापार किए जाने का मामला सामने आया, जिस पर जवाब तलब किया गया है।

इसी तरह लेखा कृषि सेवा केंद्र, झिकीपाली में भौतिक सत्यापन के दौरान अभिलेखों की तुलना में अधिक मात्रा में उर्वरक स्टॉक मिला। मामले का पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर किसान कृषि सेवा केंद्र सरिया और अन्नपूर्णा कृषि सेवा केंद्र पंचधार में स्टॉक एवं पीओएस रिकॉर्ड सही पाए गए। अधिकारियों ने कहा है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद की कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Scroll to Top