शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर आंचलिक किसान संघ द्वारा सरिया के अटल चौक में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सैकड़ों किसान धरना स्थल पर पहुंचे और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

आंचलिक किसान संघ के अध्यक्ष मोहन पटेल ने कहा कि खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल और रासायनिक खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि किसानों को कृषि कार्यों के लिए डिब्बे में डीजल देने की व्यवस्था की जाए तथा खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें केवल आश्वासन दिया जा रहा है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा तीन दिन बाद तहसील कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
धरना स्थल पर तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू, वरिष्ठ कृषि अधिकारी बसंत नायक तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी नंदलाल राठिया सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। तहसीलदार ने किसानों को समझाइश देते हुए कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार ही डीजल, पेट्रोल और रासायनिक खाद की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालातों के कारण कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन जिले में डीजल का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। जमाखोरी रोकने के लिए डिब्बे में डीजल देने पर रोक लगाई गई है। हालांकि विशेष परिस्थितियों में कृषि कार्य के लिए एसडीएम की अनुमति लेकर डीजल प्राप्त किया जा सकता है।
धरना प्रदर्शन के दौरान किसानों और अधिकारियों के बीच मांगों को लेकर तीखी बहस भी हुई। किसानों ने एक स्वर में कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं तहसीलदार ने किसानों की मांगों से उच्च अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। समाचार लिखे जाने तक धरना प्रदर्शन जारी था और क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।



You must be logged in to post a comment.