महिला से दुष्कर्म व धोखे का मामला, आरोपी हिरासत में; एसपी कार्यालय पहुंची दो महिलाओं की शिकायत से हुआ खुलासा..

शेयर करें...

रायगढ़// खरसिया क्षेत्र में एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण और फिर दूसरी महिला से कथित विवाह करने का मामला सामने आया है। मामला तब सामने आया जब दोनों संबंधित महिलाएं अपनी-अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय रायगढ़ पहुंचीं, जिससे पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के अनुसार खरसिया क्षेत्र की एक युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी सलीम ने कोरोना काल से उसे शादी का वादा कर लगातार शारीरिक संबंध बनाए और बाद में दूसरी महिला से संपर्क में आकर मंदिर में कथित विवाह कर लिया। वहीं एक अन्य महिला ने भी सलीम से हाल ही में विवाह करने की जानकारी देते हुए सुरक्षा की मांग की थी, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

दोनों शिकायतों के सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल और चैटिंग रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, जिसमें कई महिलाओं से संपर्क की बात सामने आई है।

फिलहाल पुलिस ने मामले में दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच जारी है। वहीं एसपी कार्यालय में एक ही व्यक्ति से जुड़ी दो महिलाओं की शिकायत सामने आने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Scroll to Top