शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जनपद पंचायत बरमकेला अंतर्गत ग्राम पंचायत बार में एक शेड निर्माण को लेकर सियासत गरमा गई है। सरकारी मद से बने शेड में भाजपा का लोगो लगाए जाने के बाद गांव में विवाद खड़ा हो गया है और मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस पर सवाल उठाते हुए आपत्ति दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बार के बड़ईक मोहल्ला में म. क्षे. आ. वि. प्राधिकरण मद से करीब 10 लाख रुपये की लागत से मई 2026 में शेड निर्माण कराया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद शेड में भाजपा का लोगो लगाए जाने पर ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य शासकीय राशि से हुआ है, तो उसमें किसी राजनीतिक दल का प्रचार या पहचान क्यों दिखाई जा रही है।

मामले को लेकर वार्ड क्रमांक 10 के पंच खेमराज नायक ने लिखित शिकायत करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई नहीं होने से नाराज पंच धरने पर भी बैठ गए हैं। शिकायत सामने आने के बाद गांव में चर्चा तेज हो गई है और लोग प्रशासन से निष्पक्ष निर्णय की मांग कर रहे हैं।
इधर मामले की जानकारी मिलने पर जनपद पंचायत बरमकेला के सीईओ अजय पटेल ने सरपंच को लोगो हटवाने के निर्देश दिए जाने की बात कही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस विवाद का समाधान कितनी जल्दी करता है और सरकारी निर्माण कार्यों में राजनीतिक प्रतीकों के उपयोग को लेकर क्या स्पष्ट नियम सामने आते हैं। फिलहाल ग्राम पंचायत बार का यह शेड विकास से ज्यादा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।



You must be logged in to post a comment.