कटंगी नाला की जर्जर पुलिया बनी मुसीबत, आवाजाही बाधित; ग्रामीणों ने नए निर्माण की उठाई मांग..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// रायगढ़ विधानसभा अंतर्गत सरिया क्षेत्र के नौघटा, छुहीपाली से बिलाईगढ़ पहुंच मार्ग पर स्थित कटंगी नाला की जर्जर पुलिया अब ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। वर्षों पुरानी यह पुलिया पूरी तरह कमजोर और क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

Join WhatsApp Group Click Here

ग्रामीणों के अनुसार पुलिया की हालत इतनी खराब हो गई है कि लोगों का पैदल निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब नाले में पानी भरने के कारण रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मिट्टी डालकर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया गया है, लेकिन इससे समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। वाहन चालकों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कटंगी नाला वाला यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क रास्ता है। इसी सड़क से किसान खेतों तक पहुंचते हैं, छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेज जाते हैं तथा ग्रामीण आवश्यक कामों के लिए बिलाईगढ़ और आसपास के क्षेत्रों तक सफर करते हैं। पुलिया जर्जर होने के कारण लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों बढ़ रहे हैं।

ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि कटंगी नाला की पुरानी पुलिया अब जवाब दे चुकी है और यहां नए पुलिया व नाला निर्माण की सख्त जरूरत है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो बरसात में हालात और गंभीर हो सकते हैं। अब क्षेत्रवासी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेकर जल्द राहत प्रदान करेगा।

Scroll to Top