शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की पहल से बरमकेला जनपद पंचायत में गोबरसिंहा निवासी दिव्यांग दुर्गेश्वर सिदार को निःशुल्क मोटर ट्रायसाइकिल प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत समाज कल्याण विभाग की अधिकारी कुसुम भगत, जनपद सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मोटर चालित तिपहिया साइकिल वितरित की गई।
मोटर ट्रायसाइकिल की चाबी मिलते ही दुर्गेश्वर सिदार के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। अब उन्हें आने-जाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे अपने दैनिक कार्य आसानी से कर सकेंगे।कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना है। उनका कहना था कि मोटर ट्रायसाइकिल केवल एक वाहन नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का माध्यम है, जिससे दिव्यांगजन रोजगार और सामाजिक गतिविधियों से बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे।
दुर्गेश्वर सिदार ने खुशी जताते हुए बताया कि पहले बाजार या काम पर जाने के लिए उन्हें परिवार के सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय भी ज्यादा लगता था। अब मोटर ट्रायसाइकिल मिलने से वे स्वयं सरस्वती शिशु मंदिर में अध्यापन कार्य के लिए आ-जा सकेंगे।
उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्थानीय विधायक और वित्त मंत्री ओपी चौधरी, बरमकेला सीईओ अजय पटेल, बीएओ डॉ अवधेश पाणिग्राही सहित जनपद पंचायत बरमकेला के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


