बीयर उड़ाकर हाईवे पर रील बनाना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही पुलिस का एक्शन, वाहन चालक गिरफ्तार..

शेयर करें...

बिलासपुर// सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए हाईवे पर खतरनाक तरीके से रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। बिलासपुर-कोरबा हाईवे पर बीच सड़क कार खड़ी कर युवती के साथ रील बनाने के मामले में कोनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर कुछ दिनों पहले एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवती हाईवे पर खड़ी कार के सामने और ऊपर चढ़कर रील बनाती दिखाई दे रही थी। वीडियो में युवती बियर उड़ाते हुए रैंपवॉक करती नजर आ रही थी, वहीं कार की छत पर बैठकर भी पोज देती दिखाई दी। यह पूरा वीडियो बिलासपुर-कोरबा हाईवे का बताया गया था।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे लेकर नाराजगी जताई थी। सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाया कि व्यस्त हाईवे पर इस तरह की हरकतें न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे गंभीर सड़क हादसा भी हो सकता था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की।

कोनी थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार का नंबर ट्रेस किया। जांच में पता चला कि वाहन सरकंडा निवासी राहुल कौशिक के नाम पर पंजीकृत है। इसके बाद पुलिस ने वाहन मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने संबंधित कार को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक सड़क पर वाहन खड़ा कर इस तरह रील बनाना और यातायात बाधित करना कानून का उल्लंघन है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई है। धारा 184 के तहत लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने अथवा उपयोग करने पर दंड का प्रावधान है।

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। हाईवे जैसे व्यस्त मार्गों पर इस तरह की गतिविधियां कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।

कोनी थाना पुलिस ने आम लोगों और युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान यातायात नियमों और सार्वजनिक सुरक्षा का ध्यान रखें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस प्रकार की लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top