मसाला दुकान में चोरी मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया थाना क्षेत्र में मसाला दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Join WhatsApp Group Click Here

दुकान का ताला तोड़कर मसाला और तिल की चोरी

जानकारी के अनुसार सरिया बस्ती रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास मुकेश कुमार अग्रवाल “मुकेश मसाला” नाम से दुकान संचालित करते हैं। 12 मई की रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। पत्नी अनिता अग्रवाल की तबीयत खराब होने के कारण वे रायपुर चले गए थे। 15 मई की सुबह करीब 9 बजे जब दुकान खोली गई तो दुकान से 4 बोरी जीरा, एक बोरी तिल और भारत मीट मसाला के 2 कार्टून गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत 24 हजार 200 रुपये बताई गई। मामले की रिपोर्ट पर सरिया थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 97/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में खुला चोरी का राज

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान लिए। जांच में भाग्येश स्वर्णकार उर्फ पिंटू स्वर्णकार, जुगल दास और राज सहिस पर संदेह हुआ। पुलिस ने पिंटू स्वर्णकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि 14 मई की रात करीब 11 बजे तीनों ने मिलकर दुकान से जीरा, तिल और मसाला चोरी किया था। आरोपी के कब्जे से चोरी का हिस्सा भी बरामद किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

फरार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा

मामले में फरार चल रहे आरोपी राज सहिस पिता स्व. बलराम सहिस उम्र 34 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 10 सरिया को भी पुलिस ने मुखबिर सूचना पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने भी चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी के घर से चोरी का सामान बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। राज सहिस को 18 मई को गिरफ्तार कर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस कर रही आगे की जांच

सरिया पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। चोरी में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस ने न्यायालय से आरोपियों की न्यायिक रिमांड बढ़ाने की मांग भी की है।

Scroll to Top