शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलो 890 ग्राम गांजा के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के कंधमाल से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो कार और 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 18 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
सरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार क्रमांक UP-71 BJ-6017 में दो लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर ओडिशा से सरिया-रायगढ़ मार्ग होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहे हैं। वहीं उनके आगे-आगे एक लाल रंग की हुंडई आई-10 कार क्रमांक OR-05 AL-0467 में चार लोग पेट्रोलिंग करते चल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना सरिया के सामने मेन रोड पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।
दो कारों में चल रहा था तस्करी का खेल
पुलिस ने सबसे पहले लाल रंग की आई-10 कार की जांच की। कार में लिपुन साहू पिता नबोधन साहू उम्र 19 वर्ष, पंचानन बेहरा पिता अभिमन्यु बेहरा उम्र 23 वर्ष, चन्द्रकांत मलिक पिता तुनुरामणी मलिक उम्र 19 वर्ष और लिट्टू बेहरा पिता राम बेहरा उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम रबिग्या थाना बालिगुड़ा जिला कंधमाल ओडिशा सवार मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे गांजा खरीददारों को सुरक्षित तरीके से छत्तीसगढ़ बॉर्डर पार कराने के लिए आगे-आगे चल रहे थे।
कार की डिक्की और सीट में छिपाकर रखा था गांजा
इसके बाद पुलिस ने हुंडई ऑरा कार की तलाशी ली। कार में मोहम्मद आजम पिता असलम अली उर्फ मोहम्मद असलम उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम दुदौली जलालपुर चौकी छिवलहा थाना हथगांव जिला फतेहपुर उत्तर प्रदेश और रंगनाथ कोरी पिता धुनीलाल कोरी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम चारूहर बीक पोस्ट ऑफिस गोड़ा थाना गदागंज जिला रायबरेली उत्तर प्रदेश सवार थे। तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट में 4 पैकेट और डिक्की में 21 पैकेट खाखी रंग के टेप से लिपटा गांजा मिला।
25 पैकेट में मिला 50 किलो से ज्यादा गांजा
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में गांजा का वजन कराया। कुल 25 पैकेट में 50 किलो 890 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों से गांजा रखने संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा, दोनों कार और 6 मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
सरिया थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 98/2026 धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सउनि सुमन कुमार चौहान, प्रधान आरक्षक विजय यादव, सुरेन्द्र सिदार, टीकाराम पटेल, आरक्षक दिलीप स्नेही, लक्ष्मी पटेल, श्रवण कुमार टंडन, अमृत निषाद, लकेश्वर पुरसेट सहित थाना सरिया स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


