शराब पीने से मना करना पड़ा भारी; गुस्साए बेटे ने कर दी मां की हत्या, बेटी पर भी किया जानलेवा हमला, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी बेटे को दबोचा..

शेयर करें...

रायगढ़// धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में वृद्ध महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपनी 70 वर्षीय मां मेरीना लकड़ा की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। बीच-बचाव करने पहुंची अपनी 10 वर्षीय बेटी अगोस्टिना लकड़ा पर भी उसने जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

Join WhatsApp Group Click Here

घर में खून से लथपथ मिली वृद्ध महिला

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा निवासी मेरीना लकड़ा घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हुई हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश जांगड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर महिला के सिर, माथे और कान के पास गंभीर चोट के निशान मिले। वहीं मृतिका की नातिन अगोस्टिना लकड़ा भी घायल अवस्था में मिली, जिसे तत्काल एंबुलेंस से धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

शराब पीने से मना करने पर मां को उतारा मौत के घाट

जांच के दौरान पुलिस का शक मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है और पिछले कई दिनों से शराब पी रहा था। घटना वाले दिन उसकी मां ने शराब पीने और घर में उत्पात मचाने को लेकर उसे डांटा था। इसी बात से नाराज होकर वह घर से बाहर चला गया और फिर शराब पीकर वापस लौटा। गुस्से में उसने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपनी मां के सिर और कान के पास ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

बेटी बचाने पहुंची तो उस पर भी हमला

पुलिस के मुताबिक जब आरोपी अपनी मां पर हमला कर रहा था, उसी दौरान उसकी बेटी अगोस्टिना बीच-बचाव करने पहुंची। आरोपी ने उस पर भी डंडे से हमला कर दिया। घायल बच्ची किसी तरह अपनी जान बचाकर दूसरे घर भाग गई। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है।

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से खुला मामला

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में धरमजयगढ़ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, एएसआई गंगाराम भगत, मंजू मिश्रा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि घरेलू हिंसा और महिलाओं-बुजुर्गों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Scroll to Top