शेयर करें...
बिलासपुर// बिलासपुर रेंज में अब पुराने अपराधों और महिला संबंधी मामलों में लापरवाही नहीं चलेगी। रेंज स्तर पर हुई बड़ी समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने साफ शब्दों में कहा कि एक साल से ज्यादा पुराने लंबित मामलों को विशेष अभियान चलाकर खत्म किया जाए। साथ ही महिला अपराधों में 60 दिन के भीतर जांच पूरी कर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को बिलासपुर रेंज कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस अहम बैठक में रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। बैठक में बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जांजगीर-चांपा की पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय और बिलासपुर रेंज कार्यालय की उप पुलिस अधीक्षक मंजूलता केरकेट्टा मौजूद रहीं।
बैठक में लंबित अपराध, फरार आरोपी और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि लंबे समय से लंबित पड़े मामलों की वजह से पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी होती है। इसलिए सभी जिलों को एक महीने के भीतर पुराने प्रकरणों को शून्य करने का लक्ष्य दिया गया है।
बैठक में खास तौर पर लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तेजी से विवेचना पूरी कर जल्द चालान न्यायालय में पेश किया जाए। इसके अलावा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
महिला सुरक्षा को लेकर भी बैठक में सख्त रुख देखने को मिला। आईजी ने ITSSO सिस्टम के तहत महिला अपराधों की समीक्षा करते हुए कहा कि 60 दिनों से ज्यादा लंबित मामलों का तुरंत निराकरण किया जाए। वहीं जिन मामलों की जांच अभी जारी है, उनमें समय सीमा के भीतर साक्ष्य जुटाकर विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में आईजी राम गोपाल गर्ग ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लंबित मामलों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए।


