शेयर करें...
रायपुर// वैश्विक परिस्थितियों और राष्ट्रीय संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बड़ी पहल की है। उन्होंने घोषणा की है कि स्थिति सामान्य होने तक सुरक्षा से जुड़ी अति आवश्यक परिस्थितियों को छोड़कर वे पायलट गाड़ी, फॉलो वाहन और विशेष प्रोटोकॉल का उपयोग नहीं करेंगे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक हालात में हर नागरिक और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है कि संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का समर्थन करते हुए कहा कि देशहित सर्वोपरि है और ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों को खुद उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन बचाने, संसाधनों के अनावश्यक उपयोग से बचने और राष्ट्रहित में जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की थी। इसी क्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी का यह फैसला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ओपी चौधरी के इस निर्णय को सादगी और जवाबदेही से जोड़कर भी देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि अन्य मंत्री और अधिकारी भी इसी तरह पहल करें, तो ईंधन की बचत के साथ-साथ सरकारी खर्चों में भी कमी लाई जा सकती है।



