मैच में बारिश का साया; मौसम अलर्ट ने क्रिकेट फैंस की बढ़ाई चिंता, पढ़िये क्या चेतावनी है मौसम विभाग की..

शेयर करें...

रायपुर// राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले आईपीएल मुकाबले पर मौसम का साया मंडराने लगा है। राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज मंगलवार शाम 7:30 बजे RCB और KKR के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाना है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी ने क्रिकेट प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है, जिसका असर मैच पर भी पड़ सकता है।

Join WhatsApp Group Click Here

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक रायपुर शहर में दिनभर आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शाम और रात के समय हल्की वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में मैच के दौरान मौसम में अचानक बदलाव होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि क्रिकेट प्रशंसकों में मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है और बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में वातावरण में नमी बढ़ने और हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इसी प्रभाव के चलते छत्तीसगढ़ के कई जिलों में वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

रायपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। भीषण गर्मी के बीच मौसम में यह बदलाव लोगों को कुछ राहत दे सकता है, लेकिन तेज हवाओं और गरज-चमक के कारण सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना भी व्यक्त की है।

आईपीएल जैसे बड़े आयोजन के दौरान मौसम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। बारिश होने की स्थिति में मैच प्रभावित हो सकता है या फिर खेल को रोकना भी पड़ सकता है। ऐसे में आयोजक समिति और प्रशासन लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए हैं। स्टेडियम में दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है।

Scroll to Top