शेयर करें...
बिलासपुर// बिलासपुर में एक बार फिर हाई-प्रोफाइल ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक दंपत्ति ने शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर दो अलग-अलग लोगों से लाखों रुपए ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी के दो केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां उसलापुर स्थित श्री श्याम परिसर में रहने वाले सोनाली सरकार और उनके पति अभिजीत सरकार ने बेहद सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाया। दंपत्ति ने पहले अपने टारगेट का भरोसा जीता और फिर उन्हें शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का सपना दिखाया।
पहला और बड़ा मामला सरकंडा निवासी शिल्पी श्रीवास्तव से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, शिल्पी की मुलाकात इस दंपत्ति से एक जिम में हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती में बदली और फिर दंपत्ति ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग के जरिए बड़ी कमाई का भरोसा दिलाया। शुरुआत में छोटी रकम निवेश करवाकर भरोसा मजबूत किया गया और फिर लगातार बड़ी रकम लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
मार्च 2024 से मार्च 2025 के बीच शिल्पी श्रीवास्तव ने किस्तों में कुल 91 लाख रुपए दंपत्ति को दे दिए। हर बार जब वह मुनाफे के बारे में पूछतीं, तो आरोपी शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का हवाला देकर उन्हें टाल देते। दंपत्ति ने महिला को कुल 1.47 करोड़ रुपए लौटाने का झांसा दिया था, जिससे वह लंबे समय तक शिकायत करने से बचती रहीं।
जब लगातार पैसा वापस नहीं मिला, तब शिल्पी को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह दंपत्ति ने बिहार निवासी अनुराग सिंह को भी अपना शिकार बनाया। उन्होंने सितंबर से नवंबर 2024 के बीच शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर उनसे 5 लाख रुपए ऐंठ लिए। बाद में जब अनुराग ने रकम वापस मांगी, तो उन्हें भी टालमटोल किया गया। आखिरकार उन्होंने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।



