रायगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: बेटे ने फावड़े से मां की हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार..

शेयर करें...

रायगढ़// रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक नाराजगी के चलते एक युवक ने अपनी ही मां की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पारिवारिक नाराजगी बनी हत्या की वजह

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महंत ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा बेटा आर्यन दास महंत (20 वर्ष) परिवार में खुद को उपेक्षित महसूस करता था और इसी बात को लेकर नाराज रहता था। 24 अप्रैल की रात परिवार के सदस्य दुकान में सोए थे। 25 अप्रैल की सुबह आर्यन शौच से लौटकर आया और अचानक गुस्से में अपनी मां फुलबाई महंत (55 वर्ष) को दुकान से बाहर खींचकर जमीन पर गिरा दिया।

फावड़े से किया ताबड़तोड़ हमला, मौके पर मौत

आरोपी ने घर में रखे फावड़े से अपनी मां के गर्दन पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने पिता पर भी हमला करने दौड़ा, लेकिन पिता किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले की सूचना मिलते ही चौकी रैरूमाखुर्द पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका, SSP का सख्त संदेश

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी विजय एक्का, प्रधान आरक्षक चिंतामणि कुर्रे और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे जघन्य अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक गुस्से में किया गया अपराध जीवनभर का पछतावा बन जाता है और कानून ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करता है।

Scroll to Top