प्राइवेट स्कूलों पर कलेक्टर की सख्ती; ड्रेस और किताब खरीदने के लिए नहीं कर सकते बाध्य, फीस जमा नहीं होने पर भी नहीं रोके जाएंगे दस्तावेज..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम कसने के लिए कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी प्राइवेट स्कूल छात्रों और अभिभावकों को ड्रेस, किताब या कॉपी किसी खास दुकान से खरीदने के लिए बाध्य नहीं करेगा। साथ ही स्कूल फीस और अध्ययन सामग्री की कीमतें शासन के नियमों के अनुसार ही तय की जाएंगी।

Join WhatsApp Group Click Here

फीस नहीं जमा होने पर भी नहीं रोका जाएगा दस्तावेज

कलेक्टर ने साफ कहा कि अगर किसी छात्र की फीस जमा नहीं हो पाती है, तब भी स्कूल उसे प्रवेश पत्र, मार्कशीट और ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने से मना नहीं कर सकते। यह छात्रों का अधिकार है और इसका पालन सभी स्कूलों को करना होगा।

बसों की फिटनेस और सुरक्षा पर भी जोर

बैठक में स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश दिए गए। सभी स्कूलों को बसों की फिटनेस सुनिश्चित करने, ड्राइवर और कंडक्टर का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने और बस में केयर टेकर रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्कूलों के पास स्पीड कंट्रोल के लिए स्टॉपर बनाने की बात भी कही गई।

सरकारी योजनाओं का लाभ और जागरूकता कार्यक्रम जरूरी

कलेक्टर ने कहा कि स्कूलों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ छात्रों तक पहुंचाना होगा। आरटीई, आधार, आपार आईडी और जाति प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कार्यों में भी स्कूल सहयोग करें। साथ ही बच्चों के लिए गुड टच-बैड टच, करियर गाइडेंस और किशोरावस्था से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों के जरिए सेमिनार आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

इस समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी जे आर डहरिया, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, नोडल अधिकारी सेजेस नरेश चौहान सहित जिले के सभी बीईओ और निजी स्कूल संचालक मौजूद रहे।

Scroll to Top