सरगांव में विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण, अनियमितता पर एक फर्म को नोटिस जारी..

शेयर करें...

मुंगेली// कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में बिना चिकित्सकीय पर्चे के नारकोटिक एवं मनः प्रभावी औषधियों के अवैध विक्रय पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार कार्यवाही जारी है। इसी कड़ी में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को सरगॉव क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा के मार्गदर्शन में टीम द्वारा मेडिकल स्टोर्स में नारकोटिक एवं अन्य प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री, स्टॉक रजिस्टर, क्रय-विक्रय अभिलेख और प्रिस्क्रिप्शन रिकॉर्ड की जांच की गई।

Join WhatsApp Group Click Here

इस दौरान मेडिकल स्टोर्स में मनः प्रभावी औषधियों के क्रय-विक्रय तथा भंडारण प्राप्त नहीं हुए। साथ ही एक फर्म में अनियमितताएं पाई गई, जिस पर संबंधित मेडिकल स्टोर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के तहत लाइसेंस निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सरगॉव तहसीलदार अतुल वैष्णव, औषधि निरीक्षक किरण सिंह सहित नमूना सहायक नोहर सिंह खरे तथा पुलिस थाना सरगांव की टीम भी उपस्थित रही।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशीली एवं मनःप्रभावी औषधियों की बिना चिकित्सकीय पर्चे के बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों पर नियंत्रण हेतु जिले के सभी विकासखंडों में चरणबद्ध तरीके से लगातार संयुक्त निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।

Scroll to Top