शेयर करें...
रायपुर// एक बार फिर से छग में सुशासन तिहार प्रारंभ होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी कलेक्टरों को आदेश दिया है। एक मई से 10 जून तक जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके पहले 30 अप्रैल तक लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाना है।
भाजपा सरकार अप्रैल से जून के बीच प्रशासन को जनता के बीच भेजती है। कभी लोक सुराज तो कभी ग्राम सुराज अभियान के जरिए ऐसा किया जाता रहा है। इस बार सुशासन तिहार के रूप में आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी कलेक्टरों को आदेश जारी किया है। 30 अप्रैल तक जिलों में सात बिंदुओं पर समस्याओं का निराकरण किया जाना है।
भूमि संबंधी प्रकरण, मनरेगा लंबित मजदूरी, हितग्राहीमूलक योजना का भुगतान, प्रमाण पत्र, बिजली संबंधी, हैंडपंप सुधार, राशन कार्ड, उज्जवला योजना आदि के लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाना हे। इसके बाद एक मई से 10 जून के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में 15-20 ग्राम पंचायतों के समूह में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शहरी क्षेत्रों में वार्डों के क्लस्टर के आधार पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निराकरण एक माह में करके आवेदक को सूचित भी किया जाना है। इन शिविरों में मुख्यमंत्री के अलावा अन्य मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव और प्रभारी सचिव भी शामिल होंगे।
विकास कार्यों का औचक निरीक्षण
इस बार शिविरों के दौरान मुख्यमंत्री खुद विकास कार्यों का औचक निरीक्षण भी करेंगे। जिला मुख्यालयों में समीक्षा बैठक भी होगी। इस दौरान सीएम साय प्रेस वार्ता भी लेंगे। उन्होंने सभी कलेक्टरों को अभियान की तैयारी करने का निर्देश दिया है। रायगढ़ जिले में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन जारी है।



