दशगात्र जा रही पिकअप पलटी: खेत में जा गिरी गाड़ी, 7 घायल, 2 रायगढ़ रेफर..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी पिकअप वाहन बुधवार सुबह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गई। हादसा सरिया थाना क्षेत्र के चंद्रपुर-सरिया मुख्य मार्ग पर बिलाईगढ़-अ के पास हुआ, जहां वाहन नियंत्रण खोकर धान के खेत में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

Join WhatsApp Group Click Here

ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार ग्राम सूरजगढ़ निवासी मिनकेतन मांझी अपने परिजनों के साथ टिमरलगा जा रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे रेशम पटेल के बोरपंप के पास पिकअप वाहन (CG 13 AX 0728) का चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गया। पिकअप में करीब 30 लोग सवार थे, जिनमें से 7-8 लोगों को चोटें आईं।

घायलों का इलाज, दो रेफर

घटना की सूचना मिलते ही सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया भेजा गया। यहां डॉक्टर ऋषभ शर्मा, डॉक्टर कृष्णा साहू, ड्रेसर गणपति यादव सहित स्टाफ ने इलाज शुरू किया। हादसे में जेमा बाई मांझी (58) और रुकमणि मांझी (34) को गंभीर चोटें आने पर रेफर किया गया, जबकि बसंत मांझी, ज्योति मांझी, पुष्पा मांझी, गायत्री मांझी और सरोजनी मांझी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

मालवाहक वाहनों में सवारी बनी खतरा

शादी और सामाजिक कार्यक्रमों के सीजन में पिकअप और छोटे मालवाहक वाहनों में ओवरलोड सवारी ढोने का चलन बढ़ गया है। जबकि ऐसे वाहनों में सवारी ले जाना प्रतिबंधित है, बावजूद इसके कार्रवाई नहीं होने से दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले दो वर्षों में ऐसे कई हादसे सामने आ चुके हैं, फिर भी जिम्मेदार विभाग की सख्ती नजर नहीं आ रही, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।

Scroll to Top