शेयर करें...
रायगढ़// पुसौर विकास खंड के प्राथमिक स्कूलों में 11 अप्रैल को ‘पढ़ाई तिहार’ का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने शिक्षा को एक उत्सव का रूप देते हुए स्कूल और समाज के बीच मजबूत जुड़ाव स्थापित किया। बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम में विकास खंड शिक्षा अधिकारी शैलेश देवांगन, सहायक विकास खंड अधिकारी मनीष सिन्हा और विकास खंड स्रोत समन्वयक शैलेन्द्र मिश्रा की मौजूदगी रही। उनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से संचालित किया गया। संकुल प्रभारी और समन्वयकों द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता सुधार को लेकर दिए गए सुझावों को अभिभावकों ने सकारात्मक रूप से लिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में विकास खंड के 31 संकुल और 179 प्राथमिक स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अहम भूमिका निभाई। खेल-खेल में पढ़ाई सिखाने के लिए नवाचारी तरीकों का प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में अभिभावक, खासकर माताएं, बच्चों के साथ गतिविधियों में शामिल हुईं और उनके सीखने के स्तर को समझते हुए शिक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभाई।
नन्हें बच्चों ने अपनी कलाकृतियों और प्रस्तुतियों से यह साबित किया कि पढ़ाई केवल किताबों तक सीमित नहीं है। कार्यक्रम में जुड़े शिक्षकों के निरंतर प्रयास से यह आयोजन हर साल और प्रभावी होता जा रहा है। अधिकारियों ने भी कहा कि पढ़ाई तिहार का उद्देश्य बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाना और अभिभावकों को शिक्षा से जोड़ना है, जो इस आयोजन में साफ नजर आया।



You must be logged in to post a comment.