शेयर करें...
जांजगीर-चांपा// छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं पर शिकंजा कसा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक छापेमारी कर टीपर, हाईवा और ट्रैक्टर सहित करीब दो दर्जन वाहनों को जब्त किया है।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई। जांच के दौरान कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करते हुए रेत का अवैध खनन और परिवहन करते वाहन पाए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई।
बलौदा विकासखंड के केराकछार गांव में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए 7 ट्रैक्टर, 2 टीपर और 1 हाईवा जब्त किया गया। इन वाहनों को पंतोरा चौकी के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, मौके पर मिले 2 अन्य टीपर पर नोटिस चस्पा कर उन्हें सील कर दिया गया।
इसी क्रम में चांपा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त कर थाना चांपा के हवाले किया गया। इसके अलावा हथनेवरा क्षेत्र में जांच के दौरान 4 हाईवा पकड़े गए, जबकि पिपरदा गांव में भी 4 हाईवा जब्त किए गए।
प्रशासन की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। अवैध परिवहन में संलिप्त पाए गए 3 अन्य हाईवा को जब्त कर पुलिस लाइन खोखरा में सुरक्षित रखा गया है। इस तरह कुल मिलाकर करीब दो दर्जन वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिससे अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जिन वाहनों को जब्त किया गया है, उनके संचालकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खनिज विभाग द्वारा इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


