निजी स्कूलों की मनमानी पर सख्त हुए सीएम साय, बोले – मनमानी नहीं की जायेगी बर्दाश्त..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ में निजी स्कूलों की बढ़ती फीस और महंगी किताबों को लेकर अभिभावकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे पर अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाते हुए निजी स्कूल संचालकों को साफ चेतावनी दी है।

Join WhatsApp Group Click Here

मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रदेश में किसी भी तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी निजी स्कूलों द्वारा फीस बढ़ोतरी या किताब-कॉपी के नाम पर अभिभावकों पर अनावश्यक दबाव डालने की शिकायत मिलती है, तो सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।

बता दें कि पिछले कुछ समय से प्रदेशभर के अभिभावक निजी स्कूलों की बढ़ती फीस और किताबों के महंगे दामों को लेकर परेशान हैं। कई स्कूलों द्वारा निर्धारित दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए दबाव बनाने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि व्यावसायिक शोषण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस संबंध में प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।प्रदेश के रायपुर सहित अन्य जिलों से लगातार इस तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं, जहां अभिभावकों को महंगी किताबें और कॉपियां खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इसके अलावा, बिना पर्याप्त कारण के फीस बढ़ोतरी भी अभिभावकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

शिक्षा विभाग भी इस मुद्दे पर सक्रिय हो गया है और निजी स्कूलों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई स्कूल नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री के इस सख्त रुख के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि निजी स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगेगा और अभिभावकों को राहत मिलेगी।

Scroll to Top