पॉश इलाके में हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर छापा: 9 जुआरी गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियां और लाखों की संपत्ति जब्त..

शेयर करें...

बिलासपुर// बिलासपुर के पॉश इलाके में संचालित एक हाईप्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि “जनता कंस्ट्रक्शन” के कार्यालय में लंबे समय से जुए का अवैध अड्डा संचालित हो रहा है, जहां हाईप्रोफाइल लोग बड़ी रकम के साथ जुआ खेलते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और मौके पर पहुंचते ही पूरे परिसर को घेर लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 9 आरोपियों को रंगे हाथों जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। मौके से 84 हजार 400 रुपये नगद बरामद किए गए। इसके अलावा 13 मोबाइल फोन और 4 लग्जरी चार पहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों में ह्युंडई क्रेटा, टोयोटा ग्लैंजा, बीएमडब्ल्यू और महिंद्रा थार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 46 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी शहर के विभिन्न पॉश इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं, जिससे इस अवैध गतिविधि के हाईप्रोफाइल नेटवर्क का संकेत मिलता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जुए के अड्डे समाज में अपराध को बढ़ावा देते हैं और युवाओं को गलत दिशा में ले जाते हैं। इसलिए इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून के खिलाफ जाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली या हाईप्रोफाइल क्यों न हो। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top