शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के बरमकेला-सरिया क्षेत्र में रविवार की दोपहर जमकर बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं सरिया तहसील के कई जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम ने एक ओर जहां तापमान में गिरावट लाई, वहीं किसानों के चेहरे पर भी राहत देखी गई।
अगले 4 दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अगले तीन चार दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवा और आंधी के कारण पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने जैसी स्थिति बन सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा। मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने की संभावना है।
किसानों और आम लोगों के लिए राहत और सावधानी दोनों जरूरी
बारिश से जहां एक ओर फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है, वहीं तेज हवाओं और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या कच्चे ढांचों के पास रहने से बचने की अपील की गई है।
प्रशासन की नजर, मौसम पर लगातार अपडेट
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है और हालात पर नजर बनाए हुए है। आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा, ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी सावधानी बरतें और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर ध्यान देते रहें।


