शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// चौकी कनकबीरा क्षेत्र के ग्राम रोहिनापाली में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां बड़े भाई ने छोटे भाई की सरिया मोड़ने वाली रॉड से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
खाना बनाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
घटना 3 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की है, जब आरोपी भरत लाल सिदार का अपनी पत्नी से खाना बनाने की बात को लेकर विवाद हो रहा था। इस दौरान छोटे भाई नेतराम सिदार बीच-बचाव करने पहुंचे और बड़े भाई को समझाने की कोशिश की।
रॉड से ताबड़तोड़ हमला, मौके पर मौत
विवाद बढ़ने पर आरोपी भरत लाल सिदार ने गुस्से में आकर घर में रखी सरिया मोड़ने वाली रॉड उठाई और छोटे भाई के सिर पर दो-तीन वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से नेतराम सिदार मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों की मदद से आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रॉड और खून लगे कपड़े जब्त किए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर, प्रधान आरक्षक हीराधार नाग, आरक्षक बिहारी साहू, जीतराम यादव, कुंज बिहारी निराला एवं समस्त चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


