शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// थाना सरिया पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से अवैध हथियार बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और 18 जिंदा राउंड जब्त किए गए हैं।
बैरियर पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
4 अप्रैल 2026 को कंचनपुर बैरियर में वाहन चेकिंग के दौरान रायगढ़ की ओर से आ रही सफेद रंग की हुंडई आई-10 कार (UP 65 DA 5833) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और 18 जिंदा कारतूस बरामद हुए। मौके पर ही दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया।
प्रयागराज से ब्लैक में खरीदा था हथियार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हथियार प्रयागराज से अवैध रूप से खरीदा था और घूमने के लिए जगन्नाथ पुरी जा रहे थे। हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने देशी पिस्टल, मैगजीन, जिंदा राउंड और कार को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में आर.भोजराम नट, मोहन गुप्ता, विजय यादव, आरक्षक- दिगंबर पटेल, श्रवण टंडन, विमल जांगड़े, नरेंद्र चंद्रा, दिलीप स्नेही, लक्ष्मी पटेल, साइबर सेल से रामकुमार मानिकपुरी एवं समस्त थाना स्टाफ की प्रमुख भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
- कविराज चौहान – करंजी, जिला गाजीपुर (उ.प्र.)
- अजय यादव – पोगहट चक, जिला प्रयागराज (उ.प्र.)


